Ek Aawaz, India's Top News Portal, Get Latest News, Hindi samachaar, today news, Top news

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी भाजपा

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी भाजपा


नई दिल्ली(आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार को चुनाव में हराकर सत्ता से बाहर करने के मिशन में जुटी भाजपा ने राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का अधिक से अधिक चुनावी लाभ हासिल करने की योजना बड़े पैमाने पर बना ली है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग द्वारा विधान सभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ में पांच चुनावी सभाएं कर राज्य की सभी 90 विधान सभा सीटों के वोटरों को साधने की कोशिश करेंगे।

भाजपा की योजना, प्रारंभिक तौर पर छत्तीसगढ़ के सभी पांच संभागों में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभाएं करवाने की है। हालांकि, जरूरत पड़ने पर प्रधानमंत्री की जनसभाओं की संख्या को बढ़ाया भी जा सकता है। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ राज्य पांच संभागों - रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर - में बंटा हुआ है। रायपुर संभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 5 जिले और राज्य की 20 विधान सभा सीटें आती हैं। वहीं, बिलासपुर संभाग में 8 जिले और विधान सभा की 24 सीटें, दुर्ग संभाग में 7 जिले 20 सीटें, सरगुजा संभाग में 6 जिले 14 सीटें और बस्तर संभाग में राज्य का 7 जिला और विधान सभा की 12 सीटें आती हैं।

चुनाव की तारीखों की आधिकारिक घोषणा होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी राज्य के सभी संभागों में एक-एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वह उस संभाग के अंतर्गत पड़ने वाले सभी विधान सभा सीटों के पार्टी उम्मीदवारों को अपने मंच पर बुला कर वोटरों से रूबरू करवा कर भाजपा के लिए वोट मांगेंगे। आपको बता दें कि भाजपा पहले ही यह तय कर चुकी है कि पार्टी राज्य में सामूहिक नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे को आगे रखकर चुनाव लड़ेगी और इसलिए पार्टी प्रधानमंत्री की लोकप्रियता को ज्यादा से ज्यादा भुनाना चाहती है।

Previous Post Next Post
Ek Aawaz, India's Top News Portal, Get Latest News, Hindi samachaar, today news, Top news